नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। उन्नाव और कठुआ में दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में बीती रात इंडिया गेट पर हुए कैंडल मार्च के दौरान उनकी बहन प्रियंका गांधी भीड़ द्वारा धक्कामुक्की किए जाने से नाराज हो गईं।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव और जम्मू और कश्मीर के कठुआ में दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में गुरुवार रात आयोजित मार्च के दौरान भारी भीड़ जमा हुई थी।
इस दौरान प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर जुटी भीड़ से यह कहती सुनाई दी कि जिस वजह से आप यहां इकट्ठा हुए हैं, कम से कम उसका सम्मान करें। उन्होंने भीड़ से शांति बनाए रखने की भी मांग की।
प्रियंका ने कहा, “जो लोग यहां लोगों को धक्का देने आए हैं उन्हें घर चले जाना चाहिए।”
प्रियंका के अलावा मार्च में उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और उनकी बेटी व बेटा भी मौजूद थे।
इस मार्च के दौरान हाथों में मोमबत्ती लिए लोगों को ‘मोदी भगाओ, बेटी बचाओ’ जैसे नारे लगाते सुना गया।
पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, (उनमें से कुछ लोगों ने शराब पी रखी थी) क्योंकि कई लोगों ने बैरिकेड्स से छलांग लगा ली और यहां तक कि कई ने उन्हें तोड़ दिया। इंडिया गेट के पास भीड़ के कारण यातायात बाधित हो गया था।
राहुल गांधी को बेकाबू भीड़ से बचाने में विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अलावा मार्च में छात्र, नागरिक समाज सगठनों से जुड़े लोग, पेशेवर और मीडियाकर्मी भी शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath