गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की दिग्गज महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन शनिवार को एकल वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
सायना ने कैरारा स्पोर्ट्स एरेना पर खेले गए मैच में स्कॉटलैंड की कस्र्टी गिल्मर को कड़े मुकाबले में 21-14, 18-21, 21-17 से मात दी।
सायना ने पहले गेम की अच्छी शुरुआत की और 5-0 की बढ़त ले ली। गिल्मर ने वापसी की और स्कोर 4-5 कर लिया, लेकिन इसके बाद वह पूरे गेम में सायना से पीछे ही रहीं।
सायना ने दूसरे गेम में भी अच्छी शुरुआत की और 5-1 की बढ़त ले ली। गिल्मर ने हार नहीं मानी और धीरे-धीरे अंकों के अंतर को पाटना शुरू किया। वो सफल रहीं और दूसरा गेम जीत मैच को तीसरे गेम में ले गईं।
लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता सायना के लिए यह गेम एक तरफा रहा। सायना ने 9-3 की बढ़त ली जिसे कायम रखते हुए तीसरा गेम जीत फाइनल में जगह बनाई।
dharmpath.com dharmpath