राष्ट्रमंडल खेल (कुश्ती) : सुमित ने 125 किग्रा वर्ग में जीता सोना (लीड-1)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के पहलवान सुमित मलिक ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन भारत की खाते में एक और स्वर्ण पदक डाल दिया है।

सुमित को शनिवार को पुरुषों की फ्री स्टाइल कुश्ती के 125 किलोग्राम भारवर्ग में नाइजीरिया के सिनिवेई बोल्टिक से भिड़ना था, लेकिन नाइजीरियाई खिलाड़ी ने सुमित को वॉकओवर दे दिया और इसी के साथ सुमित ने स्वर्ण अपने नाम किया।

सुमित ने राउंड रोबिन फारमेट में अपने सभी चार मैच जीतते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। कनाडा के कोरी जेरविस को रजत मिला जबकि पाकिस्तान के तैयब रजा ने कांस्य जीता।

सुमित ने अपने पहले मैच में कैमरून के क्लाउड बियांगा को हराया था। इसके बाद सुमित ने जार्विस को अपने दूसरे मैच में पटखनी दी। तीसरे मैच में सुमित ने रजा को 10-4 के अंतर से हराया और अपने पदक की उम्मीदों को जिंदा रखा।

फाइनल में सुमित को नाइजीरिया के बोल्टिक से भिड़ना था लेकिन वह मुकाबले के लिए मैट पर नहीं आए। ऐसे में सुमित को विजेता घोषित किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493