राष्ट्रमंडल खेल (टेटे) : शरथ, मनिका-साथियान की जोड़ी ने जीता कांस्य (राउंडअप)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरथ कमल और मनिका बत्रा-साथियान गणाशेखरन की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में आखिरी दिन रविवार को क्रमश: पुरुषों की एकल स्पर्धा और मिश्रित युगल स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

शरथ ने जहां राष्ट्रमंडल खेलों का दूसरा कांस्य पदक अपने नाम किया है, वहीं मनिका-साथियान की जोड़ी ने पदक जीत कर इतिहास रचा है।

मनिका-साथियान की जोड़ी राष्ट्रमंल खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी है। इससे पहले कोई भई भारतीय जोड़ी मिश्रित युगल स्पर्धा में पदक नहीं जीत पाई थी।

पुरुष एकल वर्ग स्पर्धा में शरथ के लिए यह जीत आसान नहीं थी। उन्होंने सैमुएल को 4-1 (11-7, 11-9, 9-11, 11-6, 12-10) से हराकर इस मैच को जीता और आखिरकार कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।

शरथ ने 2006 में मेलबर्न में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष एकल वर्ग स्पर्धा का सोना जीता। 2010 में राजधानी दिल्ली में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

मनिका-साथियान की जोड़ी ने मिश्रित युगल स्पर्धा के कांस्य पदक के लिए खेले गए इस मैच में अपनी हमवतन अचंता शरथ और मौमा दास की जोड़ी को मात दी।

मनिका और साथियान की जोड़ी ने शरथ-मौमा को एकतरफा मुकाबले में 3-0 (11-6, 11-2,11-4) से हराकर इन खेलों का पहला कांस्य पदक हासिल किया।

मनिका ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में चौथा पदक जीता है। शनिवार को मनिका ने महिलाओं के एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था जबकि इससे पहले उन्होंने महिला टीम का हिस्सा रहते हुए स्वर्ण जीतने के अलावा इससे पहले मौमा दास के साथ महिला युगल स्पर्धा का रजत पदक जीता था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493