हैदराबाद, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता-राजनेता पवन कल्याण ने दुष्कर्म करने वालों को सार्वजनिक रूप से सख्त सजा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर की आठ साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की घटना ने उन्हें बेहद परेशान किया है।
जन सेना पार्टी की अपनी महिला शाखा, छात्रों व युवाओं को पार्टी कार्यालय में संबोधन में उन्होंने शनिवार को कहा कि घटना दिखाती है कि आदमी जानवर से ज्यादा बुरा व्यवहार कर रहा है।
उन्होंने कहा, “महिलाओं के साथ शाम को छेड़छाड़ करने व पीछा करने वालों व उनके साथ दुष्कर्म करने वालों को सार्वजनिक तौर पर दंडित किया जाना चाहिए। तभी उनमें भय पैदा होगा। हमें दंड देने में सिंगापुर का अनुसरण करना चाहिए।”
पवन ने कहा कि कठुआ की घटना पहली नहीं है। उन्होंने कहा कि तंत्र किसी घटना के होने के बाद हरकत में आता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में दुष्कर्म की एक घटना के बाद निर्भया कानून लागू किया गया था।
सुपर स्टार व कांग्रेस नेता चिरंजीवी के छोटे भाई पवन ने कहा, “क्या सांसद तभी प्रतिक्रिया देंगे जब कोई चीज उनके सामने घटित होगी।”
जन सेना ने नेकलेस रोड पर इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर मौन प्रदर्शन का भी आयोजन किया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने व दोषियों को सार्वजनिक तौर पर सजा देने की मांग की।
dharmpath.com dharmpath