‘ताइपे वर्ल्ड सेंटर से मजबूत होंगे भारत, ताइवान के व्यापारिक रिश्ते’

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत और ताइवान के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के मकसद से ताइपे वल्र्ड ट्रेड सेंटर (टीडब्ल्यूटीसी) ने मंगलवार को यहां अपना कार्यालय खोला। यह पहल भारत और ताइवान के व्यापारिक रिश्तों में एक नया अध्याय शुरू करेगी।

टीडब्ल्यूटीसी के अध्यक्ष जेम्स सी एफ हुआंग ने इस मौके पर कहा, “हमें यह घोषणा करते हुए खुशी है कि टीडब्ल्यूटीसी इस साल एक के बाद एक कई प्रदर्शनियां आयोजित करने जा रहा है। ताइवान एक्सपो इंडिया का आयोजन 17 से 19 मई को किया जा रहा है, जिसमें आईसीटी, ईवी, ऑटो पार्ट्स एवं कंपोनेंट्स, मशीन टूल्स आदि से जुड़ीं तकरीबन 130 ताइवानी कंपनियां शिरकत करेंगी।”

हुआंग ने कहा, “टीडब्ल्यूटीसी कार्यालय की मुख्य योजनाओं में भारतीय और ताइवानी कंपनियों को व्यापार संबंधी सूचनाएं प्रदान करना, व्यापार व निवेश के लिए परामर्श सेवाएं प्रदान करना, व्यापार प्रोत्साहन कार्यक्रम और ताइवान उद्योग संवर्धन परियोजनाएं आयोजित करना, भारतीय औद्योगिक विकास जरूरतों के लिए ताइवान में भारतीय कारोबारियों को आमंत्रित करना, भारत में निवेश के लिए ताइवानी कारोबारियों को सहयोग करना तथा स्थानीय सरकार और व्यापार प्रोत्साहन संगठन के साथ मिलकर काम करना शामिल है।”

उन्होंने कहा कि वल्र्ड ट्रेड सेंटर मुंबई और टीडब्ल्यूटीसी ने भारत में मैंडरिन प्रोजेक्ट शुरू करने की योजना बनाई है, जिसके तहत ताइवान सरकार विभिन्न देशों में ताइवानी भाषा का विस्तार करना चाहती है। इस परियोजना का मकसद व्यापार बढ़ाने के लिए निरंतर सहयोग और दीर्घकालीन भागीदारी के जरिए भारत के साथ व्यापारिक संबंधों को मजबूती प्रदान करना है।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में यह केंद्र खुलने के साथ ही टीडब्ल्यूटीसी का यह चौथा भारतीय कार्यालय होगा। अमेरिका और चीन के बाद भारत ही ऐसा देश होगा जहां इसके चार या इससे अधिक कार्यालय हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493