पुलिस के मुताबिक, बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम केला मऊ में निवासी राम किशोर की दो बेटियां संध्या (19) और छोटी बेटी शालू (15) सोमवार देर शाम शौच के लिए घर से निकली थी। लेकिन काफी देर बाद भी नहीं लौटी तो उनकी खोजबीन शुरू की गई, पर दोनों का पता नहीं चल सका।
मंगलवार तड़के शौच के लिए निकली महिलाओं ने गांव के बाहर एक खेत में खून से सने दोनों बहनों के शव पड़े देखे, दोनों को गोली मारी गई थी। पास में गोली के खाली खोखे भी पड़े थे। दोहरी हत्या की खबर जब पुलिस को दी गई, तो मौके पर एसएसपी अशोक त्रिपाठी व बसरेहर चौबिया थाना पुलिस पहुंची और पड़ताल में जुट गई।
आईजी आलोक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों मृत बहनों के परिवार से मुलाकात की और जल्द ही हत्या का खुलासा कर हत्यारों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसएसपी त्रिपाठी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर मिले गोली के खोखे का मिलान कराया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath