भाजपा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष का इस्तीफा

जयपुर, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। साल 2018 के राजस्थान विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष अशोक परनामी ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया। अभी उनके उत्तराधिकारी की घोषणा की जानी है।

सूत्रों ने कहा कि इस पद के प्रमुख दावेदारों में केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्य मंत्री अरुण चतुर्वेदी व कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला शामिल हैं।

पार्टी के महासचिव अर्जुन सिंह ने कहा कि परनामी को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।

परनामी ने मीडिया से कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है।

उन्होंने कहा, “मैंने राज्य के अध्यक्ष के तौर पर चार साल अपनी सेवाएं दीं। मैं पार्टी की प्रगति के लिए काम जारी रखूंगा।”

जनवरी में अलवर व अजमेर लोकसभा सीटों व मंडलगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत के मद्देनजर भाजपा की राजस्थान इकाई में बदलाव की खबरों के बीच मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की थी।

इससे पहले बुधवार को राकेश सिंह को मध्य प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया। राकेश जबलपुर से भाजपा के सांसद हैं। वह नंद कुमार चौहान की जगह लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493