‘लालची’ है क्रिकेट आस्ट्रेलिया : वार्न

मेलबर्न, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर शेन वार्न ने आस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (बीबीएल) में मैचों की संख्या को बढ़ाने को लेकर क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की निंदा करते हुए कहा कि बोर्ड लालच के कारण मैचों की संख्या में इजाफा कर रही है।

सीए ने बिग बैश के अगले संस्करण के लिए मैचों की संख्या को 35 से बढ़ाकर 43 करने का फैसला लिया है। लीग के लिए चार नए मैदानों की भी घोषणा की गई है।

बोर्ड के इस निर्णय पर नाराजगी जाहिर करते हुए वार्न ने ट्वीट किया, “आस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बोर्ड और खिलाड़ियों की बीच बराबरी की साझेदारी होनी चाहिए तभी हर किसी के बीच सहमति बन पाएगी। हो सकता है कि हमेशा सहमति नहीं बन पाए लेकिन अगर दोनों पक्ष क्रिकेट आस्ट्रेलिया की भलाई चाहेंगे तो प्रशंसक भी खुश होंगे।”

वार्न ने लिखा, “मुझे उम्मीद है कि लालच में आकर ऐसे निर्णय नहीं लिए जाएंगे। बीबीएल के आगामी संस्करण में मैचों की संख्या बढ़ाना बेकार है। पैसों के लिए अधिक मैच करना सही नहीं है इससे एक बेहतरीन लीग कमजोर हो जाएगी।”

क्रिकइंफो के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में चैनल सेवन और फॉक्स स्पोर्ट्स ने 1.2 अरब आस्ट्रेलियाई डॉलर में अगले छह वर्षो के लिए क्रिकेट आस्ट्रेलिया के प्रसारण अधिकार प्राप्त किए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493