सारे विश्व में इमाम हुसैन के हैं चाहने वाले : राम नाईक (फोटो सहित)

राज्यपाल ने राजधानी के रौजा काजमैन में आयोजित ‘जश्ने फातहे कर्बला’ में शिरकत की और सभी श्रद्धालुजनों को इमाम हुसैन के यौमे विलादत की बधाई दी। महफिल में शायरों ने इमाम हुसैन की शान में कसीदे पढ़े।

राम नाईक ने समारोह में मेधावी छात्रा फरवा नकवी व विकलांग क्रिकेट खिलाड़ी अमन रिजवी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा कुलपति प्रो. एमएल भट्ट को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए स्मृति चिन्ह व शॉल देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर मौलाना आगा रूही, मौलाना इरशाद अब्बास, मौलाना सदफ जौनपुरी, कुलपति किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय प्रो. एमएल भट्ट व इमाम हुसैन के चाहने वाले मौजूद थे।

राज्यपाल ने कहा कि इमाम हुसैन का व्यक्तित्व ऐसा है कि वे केवल मुस्लिम कौम तक सीमित नहीं हैं। सारे विश्व में इमाम हुसैन के चाहने वाले हैं, जो उनके प्रति अपार श्रद्धा रखते हैं।

राम नाईक ने महात्मा गांधी, रवींद्रनाथ टैगोर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, पूर्व राज्यपाल सरोजिनी नायडू व अन्य प्रबुद्धजनों के इमाम हुसैन के प्रति उद्गार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन की कुर्बानी सच्चाई और इंसानियत के लिए थी, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।

नाईक ने कहा कि जश्ने फातहे कर्बला के माध्यम से उत्तर प्रदेश की राजधानी में एकता और सद्भाव का संदेश पूरे देश में जाएगा। लखनऊ की गंगा जमुनी संस्कृति की मिसाल बनी रहे, इसका ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार हो।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ अच्छा होता है तो उसका असर पूरे देश पर पड़ता है। सबसे बड़ी आबादी वाला यह प्रदेश केवल विश्व के तीन देश से छोटा है। यहां इंसान को इंसान से जोड़ने, आपसी दूरी को कम करने तथा एकता की भावना को और मजबूत करने की जरूरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493