बिहार : पुनौरा धाम में नीतीश ने ‘सीतामढ़ी उत्सव’ का किया उद्घाटन

सीतामढ़ी, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम स्थित पौराणिक मां जानकी मंदिर में ‘जानकी नवमी’ के मौके पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मां जानकी के जन्मोत्सव के मौके पर आयोजित दो दिवसीय ‘सीतामढ़ी उत्सव’ का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया।

इस मौके पर उन्होंने करीब 48 करोड़ रुपये की पर्यटकीय सुविधाओं के विकास एवं सौंदर्यीकरण योजना का शिलान्यास किया।

जानकी नवमी के मौके पर मंगलवार सुबह यहां एक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं के साथ साधु-संतों ने भाग लिया। इस मौके पर यहां चल रही रामकथा में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनौरा धाम को बिहार सरकार विश्व स्तर का पर्यटन स्थल बनाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इसे वैश्विक स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि रामायण काल में बाल विवाह की प्रथा नहीं थी। उन्होंने सीता स्वयंवर की चर्चा करते हुए कहा कि हमें रामायण के रास्ते पर चलते हुए बाल विवाह और दहेजप्रथा से अपने-आपको दूर करना होगा।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर पुनौरा धाम में पौधारोपण भी किया।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री के साथ मंत्री नंद किशोर यादव, पूर्व मंत्री देवेश चंद्र ठाकुर, पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मान्यता है कि पुनौरा धाम में ही मां सीता एक कलश से अवतरित हुई थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493