महाराष्ट्र : नदी से 15 नक्सलियों के शव बरामद (लीड-1)

गढ़चिरौली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में इंद्रावती नदी से मंगलवार तड़के सुरक्षाबलों ने 15 और संदिग्ध नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, जिसके बाद पिछले 48 घंटों में मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या 37 हो गई है।

वहीं, सोमवार रात सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी में कम से कम छह नक्सली मारे जा चुके हैं। रविवार को 36 घंटे चली मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए थे।

महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ की सीमा पर बहने वाली नदी के किनारे से शव बरामद किए गए थे। शव पानी में फूल चुके थे और उनका सड़ना शुरू हो गया था।

एक अधिकारी ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया कि ये सभी 11 शव रविवार सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान भाग निकले नक्सलियों के हो सकते हैं। शायद इनकी मुठभेड़ में घायल होने के बाद मौत हो गई होगी।

समूचे गढ़चिरौली जिले में तलाशी अभियान जारी है। इस क्षेत्र को सुरक्षाबलों ने लगभग चारों तरफ से सील कर दिया है। नक्सलियों को ढूंढ़ निकालने के लिए जंगलों, गांवों, पहाड़ियों और घाटियों में खोज अभियान जारी है।

हालिया मुठभेड़ सोमवार को जिमलागट्टा के राजाराम कनहिला गांव में हुई थी।

मृतकों में अहेरी दलम का कमांडर भी शामिल है, जिसकी पहचान नंदू के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने कहा कि सिनरोचा और पेरीमेली से नक्सलियों को दो दिनों तक चले अभियान में पूरी तरह खदेड़ दिया गया है।

महाराष्ट्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बिपिन बिहारी ने कहा कि अबतक सी-60 कमांड बलों ने तीन नक्सली दलम कमांडरों को ढेर कर दिया है।

अलग-अलग मुठभेड़ों में रविवार व सोमवार को कुल 19 महिला व 18 पुरुष नक्सली मारे गए, लेकिन आंकड़े के बढ़ने की संभावना है।

बिहारी ने कहा कि अबतक पुलिस ने नक्सल साहित्य के अलावा दो एके-47, दो इनसास, तीन एसएलआर, तीन 303 व एक 58 मिमी की बंदूक, आठ 12 बोर की राइफलें और डिटोनेटर्स सहित अन्य हथियार बरामद किए हैं।

बारिश और खराब मौसम के बावजूद समूचे गढ़चिरौली जिले में खोज अभियान जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493