ट्राइफेड की बिक्री में 77 प्रतिशत वृद्धि

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (ट्राइफेड) की खुदरा विपणन गतिविधियों का स्तर बढ़ाने के लिए चलाए गए व्यापक अभियान के परिणामस्वरूप कुल बिक्री वर्ष 2016-17 के 11.37 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2017-18 के दौरान 20.08 करोड़ रुपये (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच गई। यह ट्राइफेड की बिक्री में 77 प्रतिशत की वृद्धि के साथ ही ट्राइफेड के इतिहास में रिकॉर्ड बिक्री है।

यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, ट्राइफेड ने प्राप्ति या खरीद के मोर्चे पर वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान 15.86 करोड़ रुपये (अनंतिम) की खरीदारी की है, जबकि वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान 5.95 करोड़ रुपये की खरीदारी की गई थी। यह खरीदारी पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 166 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। यह खरीदारी ट्राइफेड के पैनल में शामिल जनजातीय आपूर्तिकर्ताओं/कारीगरों के जरिए की गई।

बयान के अनुसार, ट्राइफेड द्वारा खरीदारी में की गई वृद्धि के परिणामस्वरूप 712 आपूर्तिकर्ताओं के लिए रोजगार अवसरों के सृजन की दृष्टि से जनजातीय कारीगरों को होने वाले लाभ में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इन आपूर्तिकर्ताओं ने वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान लगभग 70,000 जनजातीय परिवारों के लिए आजीविका अवसरों को सृजित करने में मदद की, जबकि वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान 585 आपूर्तिकर्ताओं ने लगभग 57,500 जनजातीय परिवारों के लिए आजीविका अवसरों को सृजित करने में मदद की थी और इसके साथ ही पिछले वर्ष की तुलना में उनसे खरीदे गए स्टॉक के मूल्य में 166 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493