झांसी में युवतियों ने सीखे सजने-संवरने के गुर (फोटो सहित)

झांसी, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। हर महिला और युवती खुबसूरत दिखना चाहती है, इसके लिए उन्हें ब्यूटी पार्लर का सहारा लेना होता है, महंगाई के दौर में कई युवतियों को ऐसा कर पाना संभव नहीं हो पाता। इसी को ध्यान में रखकर शुक्रवार को बुंदेलखंड के झांसी में एक दिवसीय मेकअप प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पहुंची युवतियों ने सजने-संवरने के गुर सीखे।

यह कार्यशाला महिलाओं के संगठन कोहिनूर ऑलवेज ब्राइट द्वारा किया गया। इस संगठन की अध्यक्ष वैशाली पुंशी ने बताया है कि ब्यूटी पार्लर में जाकर मेकअप कराना हर किसी के लिए संभव नहीं है, इसलिए यह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, ताकि युवतियां घर बैठे ही मेकअप करने के तरीके जान सकें।

मेकअप आर्टिस्ट आरती कुशवाहा ने प्रशिक्षण लेने आई महिलाओं को घर बैठे मेकअप करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में त्वचा और बालों की देखरेख आसान नहीं होती। लिहाजा इन्हें कैसे सुरक्षित और अच्छा रखें इसके तरीके बताए गए। इसके साथ उन्हें घर पर ही मेकअप करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। जो न केवल सस्ती है, बल्कि आसान भी है।

संगठन की सचिव फाबिहा खान ने बताया कि मौजूदा दौर में महिला को हर क्षेत्र में दक्ष होना चाहिए, उसे सुंदर और आकर्शक दिखना भी जरूरी है। ऐसा तभी संभव है, जब वह खुद अपने सौंदर्य को निखारने के तरीके सीख सके। बेहतर मेकअप से महिला का आत्मविश्वास भी बढ़ता है। इस मौके पर नीतू आनंद, ऋतु सिंह, दिव्या सक्सेना, नेहा अग्रवाल, सिमरन चड्ढा, भूमिका सिंह, मीनू कुरैशी आदि उपस्थित रहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493