योगासन से खुद को रखें तनावमुक्त : योगी विनी

नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। दुनियाभर में योग-गुरुओं व प्रशिक्षिकों ने ‘विश्व योग दिवस’ की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में योगी विनी के नाम से चर्चित उत्तराखंड के विनोद रावत देशभर में योग-कार्यशाला आयोजन करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पूरी दुनिया में भारतीय परंपरा और योग को प्रसारित करना चाहते हैं जिससे लोग तनावमुक्त जीवन जी सकें।

जापान के ओसाका में और भारत में ऋषिकेश में योगी विनी के नाम से वे योगशाला चला रहे हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान योगी विनी ने कहा, “योग के कारण भारत स्वास्थ्य पर्यटन के केंद्र के रूप में उभर रहा है।”

उन्होंने कहा कि विदेशों में लोग अब योग के महत्व को समझते हैं और वे पूरे जोश के साथ योगाभ्यास करते हैं। वे न सिर्फ योग सीखने के लिए भारत आ रहे हैं, बल्कि यहां वे खुद योग कक्षा का संचालन भी करते हैं।

विनी ने कहा, “तनावग्रस्त जीवन-पद्धति से कई रोग पैदा होते हैं। मानसिक तनाव कम करने के लिए विभिन्न प्रकार के आसन हैं। लोग इन आसनों का अभ्यास करके खुद को तनावमुक्त रख सकते हैं। कार्यशालाओं में लोगों को इन आसनों के बारे में बताया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि कार्यशाला का समापन 21 जून 2018 को ऋषिकेश में एक बड़े योगशिविर के साथ होगा। उनके योग कार्यशाला में जापानियों ने गहरी रुचि दिखाई है।

हर साल 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है। भारत सरकार की ओर से योग दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र ने दिसंबर 2014 में एक प्रस्ताव पारित 21 जून को योग दिवस मनाने की घोषणा की थी। संयुक्त राष्ट्र के इस प्रस्ताव को सभी 193 देशों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया था और 177 देश इसके प्रायोजन में सहयोगी रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493