मां के सपने को पूरा करने वाली बेटी को मोदी ने किया सम्मानित

हिसार, 1 मई (आईएएनएस)। कुश्ती में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकीं हिसार की पूजा ढांडा ने आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में पिछले माह हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीत कर देश का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मानित किया।

राजधानी दिल्ली में अपने निवास स्थान पर आयोजित एक समारोह में मोदी ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

यह जान कर पूजा की मां कमलेश ढांडा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह अपनी खुशी के आसू नहीं रोक पाईं।

पूजा की अब तक की छोटी, बड़ी, असाधारण कामयाबियों के पीछे उनके परिवार का बहुत बड़ा योगदान है। खासतौर पर पिता अजमेर ढांडा, मां कमलेश ढांडा और भाई सुमित ढांडा का। एक मायने में पूजा ढांडा की कामयाबी का रहस्य उनके माता-पिता की मेहनत, लगन और उनके त्याग में भी छिपा है।

पूजा की माता कमलेश ने महिला खिलाड़ियों को सलाह देते हुए कहा कि खेलों के दौरान खिलाड़ी के साथ कोई अच्छी या बुरी बात हो तो उसे अपने परिजनों को जरूर बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियों पर जो अत्याचार करते हैं, सरकार को उसके लिए सख्त से सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि अगले एशियाई खेलों में पूजा स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करे।

कमलेश का कहना है कि कुश्ती के साथ-साथ कई खेल शारीरिक संपर्क से जुड़े होते हैं। इसलिए खेलों में करियर बनाने का सपना देखने वाली किशोर खिलाड़ियों को खेल से पहले कई जानकारी देना भी आवश्यक है।

पूजा की मां ने कहा, “जिस तरह हम अपने बच्चे को बचपन में खाना खाने, कपड़े पहनने, ब्रश करने समेत बाकी सभी चीजों की अहमियत सिखाते हैं, उसी तरह उन्हें ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में बताना भी आवश्यक है। बेटियों के साथ बढ़ रहे छेड़खानी के मामलों से उनको बचाने के लिए यह बेहद जरूरी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493