नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। भारत की अंडर-16 फुटबाल टीम इस माह होने वाले चार देशों के टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।
इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा, जॉर्डन, ताजिकिस्तान और मेजबान सर्बिया की टीमें शामिल हैं। मंगलवार को इसकी घोषणा की गई।
भारतीय अंडर-16 टीम इस टूर्नामेंट के जरिए एएफसी अंडर-16 चैम्पियनशिप के लिए तैयारी करेगी।
हाल ही में स्पोर्टचेन अंतर्राष्ट्रीय दोस्ताना मैचों में भारत की अंडर-16 टीम ने अमेरिका और नार्वे के खिलाफ मैच खेले थे।
इस टूर्नामेंट और मैचों का मकसद आगामी एशियाई अंडर-16 चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम के बेहतर रूप से तैयार करना है। इस चैम्पियनशिप का आयोजन मलेशिया में इस साल 20 सितम्बर से सात अक्टूबर तक होगा।
पिछले चार संस्करणों में भारत ने तीसरी बार एएफसी अंडर-16 एशियाई चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
इस चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम को ग्रुप-सी में वियतनाम, ईरान और इंडोनेशिया के साथ शामिल किया गया है।
चार देशों के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमें जॉर्डन और ताजिकिस्तान ने भी एशियाई चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
इस टूर्नामेंट में भारत का सामना नौ मई को जॉर्डन से, 11 मई को सर्बिया से और 13 मई को ताजिकिस्तान से होगा।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने टीम के कोच बिबियानो फर्नाडिस के हवाले से कहा, “हमारे लिए यह टूर्नामेंट सितम्बर में होने वाली चैम्पियनशिप से पहले काफी मददगार होगा। इससे हमें जॉर्डन, ताजिकिस्तान और सर्बिया जैसे देशों के खिलाफ अपनी स्थिति का आंकलन करने में मदद मिलेगी।”
कोच ने कहा कि इसके साथ ही यह टूर्नामेंट टीम को सुधार करने वाले क्षेत्रों की पहचान कराने में भी मददगार होगा।
dharmpath.com dharmpath