झांसी, 2 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी से रेलगाड़ी से झांसी लौट रही एक महिला के लगभग नौ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और सवा लाख रुपये नकदी से भरा बैग मंगलवार को चोरी हो जाने की घटना सामने आई है।
जीआरपी झांसी के इंस्पेक्टर हरिविलास ने बुधवार को बताया, “स्थानीय रेलवे कॉलोनी की रहने वाली ऋचा शर्मा नामक महिला अपनी ननद की शादी समारोह में शामिल होकर बनारस से बुंलेदखंड एक्सप्रेस के एसी कोच में सवार होकर झांसी आ रही थी। महिला का सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी से भरा बैग बांदा जंक्शन के बाद चोर उड़ा ले गए। इसकी प्राथमिकी महिला ने जीआरपी थाने (झांसी) में अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज कराई है।”
उन्होंने बताया, “ऋचा की तहरीर के मुताबिक, बैग में ननद, सास और उसके करीब नौ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा करीब सवा लाख रुपये नकद था। मामले की जांच की जा रही है।”
dharmpath.com dharmpath