गुवाहाटी, 2 मई (आईएएनएस)। असम के गोलपाड़ा कस्बे के निवासियों ने बुधवार को ब्रह्मपुत्र नदी के पास एक पेड़ पर ‘आईएस एनई’ लिखे काले झंडे पाए, जिसे लेकर लोगों में दहशत फैल गई। लोगों को झंडे के आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) के होने का संदेह था।
एक निवासी ने कहा, “मैं हर रोज इस इलाके में टहलने आता हूं। मैंने तीन काले झंडे एक पेड़ पर लगे देखे, जिस पर ‘आईएस एनई’ लिखा था। मैंने तत्काल पुलिस को बुलाया।”
हालांकि, पुलिस ने कहा कि झंडे आतंकी समूह के झंडे से मेल नहीं खाते।
गोलपाड़ा के पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिन्हा ने आईएएनएस से कहा, “झंडे आईएस के साथ मेल नहीं खाते। हमने काले झंडों को जब्त किया है। यह शब्द हाथ से पेंट किए गए हैं। इस पर कुछ उर्दू या अरबी के शब्द भी अंकित हैं।”
उन्होंने कहा, “यह अराजक तत्वों की गतिविधि है और हमने अपराधियों को पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी है।”
dharmpath.com dharmpath