तिरुवनंतपुरम, 3 मई (आईएएनएस)। केरल में लातवियाई महिला के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में गुरुवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। लातविया की यह पर्यटक कोवलम से पिछले महीने लापता हो गई थी।
केरल पुलिस प्रमुख लोकनाथ बेहरा ने गिरफ्तारी की जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक बेहरा ने मीडिया से कहा, “आरोपी उमेश और उदयन रिश्तेदार हैं और अपंजीकृत टूरिस्ट गाईड के तौर पर काम रहे थे।”
बेहरा ने मीडिया को महिला के दुष्कर्म पीड़िता होने की वजह से उसका नाम उजागर नहीं करने को लेकर चेताया।
बेहरा ने कहा, “यह दुर्भाग्य से काफी क्रूर अपराध है और यह किसी के साथ नहीं होना चाहिए। एक निर्दोष महिला को बिना किसी गलती के अपनी जिंदगी से हाथ धोना पड़ा…पुलिस जांच टीम को उनके अच्छे कार्य के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।”
जांच टीम की अगुवाई करने वाले पुलिस महानिरीक्षक मनोज अबराहम ने कहा कि आरोपियों को रिमांड में लेने के लिए यहां शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
अबराहम ने कहा, “आरोपियों ने महिला को फुसलाया और उसे मादक पदार्थ दिए। उसके साथ बाद में यौन उत्पीड़न किया गया और जब उसने विरोध किया तो उस पर हमला किया गया। जांच जारी रहेगी क्योंकि हम जानना चाहते हैं कि क्या इस अपराध में और लोग भी शामिल हैं।”
लातवियाई महिला की बहन इल्जी ने एक दिन पहले मीडिया से कहा था कि 33 वर्षीया पीड़िता का दाह-संस्कार यहां के सार्वजनिक शवदाह में गुरुवार को किया जाएगा और उनके अस्थि अवशेषों को वह अपने देश ले जाएंगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से उनके कार्यालय में मुलाकात भी की थी।
पीड़िता, उनके पति एंड्रयू और इल्जी केरल के तिरुवनंतपुरम के बाहरी इलाके में अपना आयुर्वेदिक इलाज करवाने आए थे, जहां वह 24 मई को लापता हो गई थीं।
पीड़िता को अंतिम बार कोवलम जाने के लिए एक ऑटो-रिक्शा में देखा गया था। जब वह लापता हुई, उनके पास न तो मोबाइल फोन था और न ही पासपोर्ट। 20 अप्रैल को उनका शव सड़ी गली अवस्था में कोवलम के मार्शे क्षेत्र से बरामद किया गया।
जब हत्या की पुष्टि हो गई, पुलिस ने क्षेत्र में कई लोगों से पूछताछ की और चार लोगों को हिरासत में लिया।
भारतीय जनता पार्टी के राज्य अध्यक्ष कुम्मानेम राजशेखरन ने शव को जलाने के बदले दफनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में एक अन्य पोस्टमार्टम की जरूरत पड़ सकती है।
dharmpath.com dharmpath