नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने देश में बैडमिंटन लोकप्रिय बनाने और जमीनी स्तर पर नई प्रतिभाओं को तलाशने के लिए पहली बार युवाओं के लिए कैम्प का आयोजन करने का फैसला किया है। यह कैम्प महान बैडमिंनट खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण की देखरेख में आयोजित होगा।
बीएआई प्रमुख हिमंता विस्वा सरमा ने शनिवार को यहां गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह में इसकी घोषणा की। सरमा ने कहा कि कैम्प में पादुकोण प्रमुख भूमिका निभाएंगे तथा यू विमल कुमार, जूनियर नेशनल कोच संजय मिश्रा इस काम में उनकी मदद करेंगे।
बीएआई अध्यक्ष की दीर्घकालीन सोच को लेकर बीएआई महासचिव अजय के सिंघानिया ने कहा, “बीएआई का लक्ष्य सिर्फ वैश्विक स्तर पर नहीं बल्कि देश के हर कोने में इस खेल की चमक को बनाए रखना है। इसी कारण बीएआई ने पादुकोण जैसे दिग्गज को अपने साथ लेते हुए युवा प्रतिभाओं को तलाशने की मुहिम शुरू की है।”
बीएआई के पहले यूथ कैम्प का आयोजन बेंगलुरू के बाहरी इलाके में स्थित पादुकोण-डेविड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में किया जाएगा। जून माह में लगने वाले इस कैम्प की अवधि 15 दिनों की होगी। इसमें तीन बैच हिस्सा लेंगे और हर बैच में 40 खिलाड़ी होंगे।
कैम्प में देश भर से यू-13 और यू-15 वर्ग के 120 खिलाड़ी (लड़के और लड़कियां) शामिल होंगे। हर स्टेट फेडरेशन को इस कैम्प के लिए चार खिलाड़ियों (लड़के व लड़कियां) का नामांकन करना होगा। कैम्प से 16 खिलाड़ियों का अंतिम रूप से चयन होगा और फिर इन्हें विदेश में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath