आईपीएल-11: बेंगलोर ने चेन्नई को दिया 128 रनों का लक्ष्य (लीड-1)

पुणे, 5 मई (आईएएनएस)। लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा (3/18) और अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह (2/22) की कमाल की गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के 35वें मैच में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को नौ विकेट के नुकसान पर 127 रन पर रोक दिया।

यहां महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम (एमसीए) में चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए 7.3 ओवर में 53 रन पर तीन विकेट चटका दिए। इन तीन विकेटों में ब्रैंडन मैक्कलम (5), कप्तान विराट कोहली (8) और अब्राहम डिविलियर्स (1) के विकेट शामिल हैं।

बेंगलोर का चौथा विकेट मंदीप सिंह (7) के रूप में 73 के कुल स्कोर पर गिरा। टीम ने इसके बाद 84 के स्कोर पर पांचवां, 86 के स्कोर पर छठा, 87 के स्कोर पर सातवां, 89 के स्कोर पर आठवां और 127 के स्कोर पर नौवां विकेट गंवाया।

बेंगलोर के लिए इस सीजन में पहला मैच खेल रहे पार्थिव पटेल ने 41 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक 53 रन बनाए। इसके अलावा निचले क्रम में टिम साउदी ने 26 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के के सहारे नाबाद 36 रन का योगदान दिया।

पटेल ने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की जबकि साउदी और मोहम्मद सिराज के बीच भी नौवें विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी हुई। बेंगलोर ने आखिरी चार ओवरों में एक विकेट खोकर 35 रन जुटाए।

जडेजा और हरभजन के अलावा आईपीएल में अपना पदार्पण कर रहे डेविड विली ने 24 रन पर देकर एक विकेट और लुंगी नगिदी ने 24 रन पर एक विकेट हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493