सेंट-डेनिस (फ्रांस), 9 मई (आईएएनएस)। पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने मंगलवार रात लेस हर्बिस को 2-0 से हराकर लगातार चौथी बार फ्रेंच कप का खिताब अपने नाम किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 16,000 की जनसंख्या वाले कस्बे में स्थित लेस हर्बिस क्लब फ्रेंच लीग के तीसरे डिविजन में खेलती है।
स्टेड डी फ्रांस में खेले गए इस मुकाबले में पीएसजी ने अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन किया और पूरे मैच के दौरान आक्रामक लय बनाए रखी।
पीएसजी के मिडफील्डर ली सेल्सो ने 26वें मिनट में बॉक्स से बाहर से शानदार गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
एक गोल की बढ़त बनाने के बाद भी पीएसजी ने अपना आक्रमण जारी रखा और गोल करने के कई मौके बनाए।
दूसरे हाफ में भी पीएसजी का ही दबदबा देखने को मिला और मैच के 74वें मिनट में स्ट्राइकर एडिनसन कवानी ने पेनाल्टी से गोल करके 2-0 से टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
पीएसजी एवं ब्राजील के डिफेंडर दानी आल्वेस के करियर की यह 38वीं ट्रॉफी है। वह फुटबाल के इतिहास में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
dharmpath.com dharmpath