स्वान्सी (वेल्स), 9 मई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के 37वें दौर के मुकाबले में साउथैम्पटन ने स्वान्सी को 1-0 से हराकर अगले सत्र में प्रीमियर लीग में खेलने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीत के साथ ही साउथैम्पटन की टीम 36 अंकों के साथ तालिका में 16वें पायदान पर पहुंच गई है। साउथैम्पटन एवं 18वें पायदान पर मौजूद स्वान्सी के बीच तीन अंक और नौ गोल का अंतर है। हडर्सफील्ड 36 अंकों के साथ 17वें पायदान पर काबिज है लेकिन उसने एक मैच कम खेला है।
लिबर्टी स्टेडियम में मंगलवार रात खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ में दोनो टीमों को गोल करने के बराबर मौके मिले लेकिन हाफ गोल रहित समाप्त हुआ।
दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई और मैच के 72वें मिनट में मनोलो गब्बियादिनी ने गोल कर मेहमान टीम की 1-0 से जीत सुनिश्चित कर दी।
dharmpath.com dharmpath