नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने अपने साझेदार योनेक्स सनराइज के साथ करार का विस्तार किया है।
सनराइज के साथ बीएआई का करार अगले तीन साल के लिए बढ़ गया है। बीएआई के अध्यक्ष हिमांता बिस्वा शर्मा ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
हिमांता ने कहा कि योनेक्स सभी टूर्नामेंटों के लिए बीएआई को खेल संबंधी उपकरण प्रदान करता है। इसके बदले में योनेक्स ने इन सभी टूर्नामेंटों में बीएआई के तहत शीर्ष प्रायोजक के रूप में अधिकार हासिल कर रखे हैं।
बीएआई के साथ योनेक्स की तीन साल की यह नई साझेदारी 75 करोड़ रुपये के करीब है। ऐसे में बीएआई देश में पहला ओलम्पिक संघ बन गया है, जो इतनी बड़ी व्यावसायिक साझेदारी में प्रवेश करेगा।
हिमांता ने कहा, “हम भारतीय बैडमिंटन के निरंतर समर्थन के लिए योनेक्स सनराइज का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं। हम इस नई साझेदारी से बेहद खुश हैं। यह हमें वित्तीय स्थिरता प्रदान करेगी और देश में खेल को आगे बढ़ाने में हमारी मदद करेगी।”
dharmpath.com dharmpath