पटना, 11 मई (आईएएनएस)। आम तौर पर बिहार में लोग अंध विश्वास में ‘बुरी नजरों’ से बचने के लिए अपनी दुकानों और घरों के बाहर नींबू और मिर्ची बांधकर टांग देते हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के आवास के मुख्यद्वार पर भी नींबू-मिर्ची टांगी गई है। लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप की शादी हो रही है।
लालू के बड़े पुत्र और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप की शादी को लेकर पूरे 10 सकरुलर रोड स्थित राबड़ी आवास को फूलों और रंगीन बल्बों से सजाया गया है। आने वाले मेहमानों को किसी प्रकार की परेशनी नहीं हो इसका भी खास ख्याल रखा जा रहा है।
इस दौरान आवास के मुख्यद्वार पर राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं की भारी भीड़ लगी हुई है। ऐसे में नीबू-मिर्ची मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
नींबू-मिर्ची को भी ऐसे सजाया गया है कि वह भी आकर्षक लग रहा है। फूलों के साथ-साथ जगह-जगह नींबू-मिर्ची भी टांगी गई है। आवास को सजाने-संवारने में लगे मजदूर टोकरी में नींबू- मिर्ची लेकर लगाते दिखे।
लालू आवास के मुख्य द्वार पर खडे बुजुर्ग दीनानाथ राय बताते हैं कि ऐसे तो शादी में नींबू-मिर्ची का कोई व्यवहारिक पक्ष नहीं है, लेकिन लोग बुरी नजर से बचने के लिए इसे लगाते हैं।
ऐसे में यह कयास लगाए जा रहा है कि नींबू-मिर्ची लगाने का मुख्य उद्देश्य बहुत दिनों बाद लालू परिवार में लौटी खुशी को लोगों की नजर से बचाने का है।
उल्लेखनीय है कि चारा घोटाले के मामले में सजा काट रहे लालू अपने बेटे की शादी में शामिल होने के लिए गुरुवार को तीन दिन के पैरोल पर पटना पहुंचे हैं और शादी की तैयारियों का खुद जायजा ले रहे हैं।
लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप की शादी राजद विधायक चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्य राय से 12 मई को है। इस क्रम में शुक्रवार को हल्दी और मटकोर का कार्यक्रम चल रहा है।
dharmpath.com dharmpath