कर्नाटक में त्रिकोणीय मुकाबले में तीव्र गति से मतदान (लीड-2)

बेंगलुरू, 12 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में शनिवार को बड़ी संख्या में लोग मतदान कर रहे हैं। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है जहां त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में जेडी-एस महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सिद्धारमैया ने कहा कि वह बहुत आश्वस्त हैं कि उनकी पार्टी सत्ता में बनी रहेगी।

चुनाव अधिकारियों का कहना है कि मतदान के शुरुआती चार घंटों में 5.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राज्य की अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बी.आर.ममता ने कहा, “राज्य के 222 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 11 बजे तक औसत मतदान प्रतिशत 24 फीसदी रहा। बेंगलुरू शहर में 17 फीसदी मतदान हुआ।”

मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई। शुरुआती दो घंटे में ही 10 फीसदी मतदान हो गया था।

एक अन्य अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी, मतदाताओं के नाम नदारद होने और मतदान प्रक्रिया शुरू होने की देरी की घटनाओं को छोड़कर अभी तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।”

बेंगलुरू में सुबह 6.30 बजे से ही मतदाता मतदान केंद्रों के बाहर कतारों में खड़े देखे गए।

बेंगलुरू के राजा राजेश्वरी नगर में बड़ी संख्या में फर्जी मतदाता पहचान पत्र मिलने की वजह से इस सीट पर मतदान स्थगित कर दिया गया है। अब इस सीट पर मतदान 28 मई को होगा। वहीं, भाजपा उम्मीदवार बी.एन.विजय कुमार के निधन की वजह से जयनगर सीट पर भी मतदान स्थगित कर दिया गया है।

राज्य में विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी.एस.येद्दीयुरप्पा सबसे पहले वोट करने वालों में से रहे। उन्होंने मलनाड क्षेत्र के शिवमोगा जिले के शिकारीपुरा में वोट किया।

राज्य में 5.06 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 2.6 करोड़ पुरुष, 2.5 करोड़ महिलाएं मतदाता हैं। 18 से 19 आयु समूह के नए मतदाताओं की संख्या 15.42 लाख है।

राज्य के 30 जिलों के 58,008 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है, जिनमें से 600 मतदान केंद्र गुलाबी रंग के हैं, जिन्हें महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इन मतदान केंद्रों पर सभी महिला सुरक्षाकर्मी हैं।

चुनाव के लिए राज्य में 1.5 लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है।

मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी जबकि मतगणना 15 मई को होगी।

चुनावी मैदान में कुल 2,654 उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जिनमें 219 महिलाएं हैं। कांग्रेस के कुल 222, भाजपा और जेडी-एस के 201-201, अन्य पार्टियों के 800 और 1,155 निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं।

बेंगलुरू से लगभग 450 उम्मीदवार चुनावी मैदान में किस्मत आजमां रहे हैं।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मैसुरू के चामुंडेश्वरी और विजयपुरा जिले के बदामी से चुनाव लड़ रहे हैं।

बल्लारी से भाजपा लोकसभा सदस्य बी.आर.श्रीरामालू भी दो सीटों (बादामी और मोलाकामुरु) से चुनाव लड़ रहे हैं।

जेडी-एस कर्नाटक के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी कुमारस्वामी भी रामनगर और चन्नापटना सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष येदियुरप्पा शिवमोगा के शिकारीपुरा से चुनाव लड़ रेह हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493