जनकपुरी-अयोध्या बस सेवा से दोनों देशों के संबंधों को नया आयाम मिला : योगी

लखनऊ /अयोध्या, 12 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनकपुर से अयोध्या पहुंची भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के यात्रियों का अयोध्या में स्वागत किया। इस मौके पर पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी भी उपस्थित थीं। योगी ने कहा कि इस बस सेवा के शुरू होने से भारत-नेपाल के संबंधों को नया आयाम मिला है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पड़ोसी देश नेपाल के जनकपुर में शुक्रवार को इस बस सेवा का शुभारंभ किया था। 66 यात्रियों को लेकर यह बस शनिवार सुबह करीब 9 बजे अयोध्या के रामकथा पार्क पहुंची, जहां यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “भारत-नेपाल के संबंधों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया आयाम दिया है। हमें खुशी है कि सांस्कृतिक संबंधों की एक नई कड़ी आज से शुरू हो रही है। अयोध्या-जनकपुरधाम बस सेवा दोनों राष्ट्रों के संबंधों को और मजबूत करेगी, साथ ही विकास की यात्रा भी आरंभ होगी।”

इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय डाक विभाग की ओर से प्रकाशित ‘स्पेशल कवर’ का अनावरण भी किया। यह स्पेशल कवर पिछले वर्ष दीपावली के अवसर पर अयोध्या में सरयू तट पर आयोजित ‘दीपोत्सव’ कार्यक्रम पर आधारित है।

डाक विभाग का यह प्रकाशन अयोध्या की वैश्विक पहचान स्थापित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने का काम करेगा। साथ ही दीपोत्सव के आयोजन की स्मृतियों को लंबे समय तक संरक्षित करने में भी सहायक होगा।

जनकपुरी-अयोध्या बस सेवा पड़ोसी देश नेपाल और भारत के पौराणिक समय से चले आ रहे सांस्कृतिक व आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगी। इस बस सेवा के जरिए श्रद्घालु भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या धाम तथा माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच की 520 किलोमीटर की दूरी को सरलता और सुविधापूर्ण ढंग से तय कर सकेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493