कर्नाटक चुनाव : भाजपा की मजबूती बढ़ी, कांग्रेस स्तब्ध (लीड-2)

बेंगलुरू, 15 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को हो रही मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्तारूढ़ कांग्रेस को पछाड़ते हुए जीत की ओर बढ़ती जा रही है। जबकि जेडीएस तीसरे स्थान पर चल रही है।

राज्य के विभिन्न मतगणना केंद्रों से आ रही रिपोर्टों में भाजपा के उम्मीदवार 105 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार 70 सीटों पर आगे हैं। शनिवार को कुल 222 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हुए थे।

राज्य में किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए 113 सीटों की जरूरत है।

पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी देवेगौड़ा की जनता दल सेक्युलर पार्टी 43 सीटों पर आगे चल रही है।

जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, भाजपा नेता राज्य में पार्टी की जीत को लेकर आश्वस्त होते जा रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि वे राज्य में सत्ता पर काबिज होने को लेकर आश्वस्त हैं। कांग्रेस के नेताओं ने इन रुझानों को देखकर जेडीएस के साथ गठबंधन की संभावनाओं के बारे में बात करना शुरू कर दिया है।

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने कहा कि जेडीएस के साथ गठबंधन का सवाल ही नहीं उठता क्योंकि उनकी पार्टी स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रही है।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की।

विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा लिंगायत प्रभुत्व वाली सीटों पर आगे चल रही है जबकि जेडीएस वोक्कालिगा प्रभुत्व वाली सीटों पर आगे चल रही है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बदामी सीट पर आगे चल रहे हैं जबकि चामुंडेश्वरी सीट पर पीछे चल रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, “हम बहुमत से जीतेंगे।”

वहीं, कांग्रेस पार्टी के नेता अशोक गहलोत ने कहा कि उनकी पार्टी जेडीएस के साथ गठबंधन को लेकर तैयार है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493