सीवान, 18 मई (आईएएनएस)। बिहार के सीवान जिले के एम.एच नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक घर में डकैती के विरोध में पांच लोगों को गोली मार दी गई। सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, रात लगभग दो बजे गोपी पतिया गांव में आठ डकैत अजीत सिंह के घर में घुस गए और लूट-पाट करने लगे। इस दौरान घरवालों ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर कई ग्रामीण भी मौके पर इकट्ठा हो गए। डकैत खुद को घिरते देखकर गोलीबारी करने लगे, जिसमें पांच लोगों को गोली लग गई।
एम.एच. नगर के थाना प्रभारी पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए सीवान के सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर से बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
डकैत अपने साथ आभूषण और नकदी लूटकर ले गए हैं। पुलिस डकैतों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
dharmpath.com dharmpath