मप्र में बिजली इंजीनियरों को ‘देशद्रोही’ व ‘कुत्ता’ कहा गया, आंदोलन की चेतावनी

भोपाल, 22 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोयल ने कथित तौर पर बिजली इंजीनियरों को ‘देशद्रोही और कुत्ता’ कह दिया। इससे आहत बिजली इंजीनियरों ने गोयल को पद से हटाने की मांग की है और मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

मप्र विद्युत अभियंता मंडल संघ के महासचिव वी.के.एस. परिहार ने ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर गोयल को पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

परिहार ने ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव को लिखे पत्र में कहा है कि डॉ. गोयल के अमर्यादित व्यवहार से अभियंताओं में आक्रोश है। इससे कंपनी की प्रगति पर विपरीत असर पड़ रहा है। डॉ. गोयल वीडियो कांफ्रें सिंग और बैठकों के दौरान अभियंताओं को ‘चोर’ कह चुके हैं।

मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल और उसके आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति करती है।

परिहार ने आईएएनएस से कहा, “डॉ. गोयल ने 19 मई को मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल क्षेत्र की वीडियो कांफ्रेंसिंग में अभद्र व अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने यहां तक कहा कि आप सभी हराम का खाते हैं, आपको शर्म नहीं आती, आपको चुल्लूभर पानी में डूब मरना चाहिए। आप सब देशद्रोही हैं। आप सभी अभियंता कुत्ते हो।”

परिहार के अनुसार, गोयल ने बैठक में कर्मचारियों को धमकाया और यहां तक कहा कि ‘जहां शिकायत करनी हो कर दीजिए, मैं आपको कुत्ता कह रहा हूं।’

परिहार ने ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि अगर गोयल को पद से नहीं हटाया गया, तो अभियंता उग्र आंदोलन पर मजबूर हो जाएंगे। इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी। इससे सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।

अभियंता संघ के आरोपों के संदर्भ में गोयल से संपर्क का प्रयास किया गया, मगर संपर्क नहीं हो पाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493