नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को तीन देशों की पांच दिवसीय यात्रा के लिए इंडोनेशिया रवाना हो गए। मोदी इस यात्रा के दौरान मलेशिया और सिंगापुर भी जाएंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय(पीएमओ) ने ट्वीट कर कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जकार्ता के लिए रवाना हो गए। वह अगले कुछ दिनों में इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर का दौरा करेंगे।”
पीएमओ के अनुसार, “इस दौरान, वह वैश्विक नेताओं से वार्ता, शीर्ष मुख्य कार्यकारी अधिकारियों व छात्रों से संवाद समेत विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।”
अपनी यात्रा से पहले सोमवार को मोदी ने कहा, “मैंआश्वस्त हूं कि इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर का यह दौरा हमारी एक्ट ईस्ट नीति को आगे बढ़ाएगा और इन तीन देशों के साथ हमारे संबंध आगे बढ़ेंगे।”
मोदी 30 मई को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको वीडोडो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वह इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
मोदी 31 मई को इंडोनेशिया से सिंगापुर जाने के दौरान मलेशिया में रुकेंगे जहां वह मलेशिया के नवनियुक्त प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद से मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री 1 जून को सिंगापुर की राष्ट्रपति हलीमा याकूब से मुलाकात करेंगे और उसके बाद प्रधानमंत्री ली सीन लूंग से मुलाकात करेंगे।
शाम को वह, शंगरी-ला डायलॉग को संबोधित करेंगे। मोदी ट्रेक 1 वार्षिक अंतर सरकारी सुरक्षा फोरम में ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।
dharmpath.com dharmpath