बिहार में धारदार हथियार से 2 की हत्या

भभुआ, 30 मई (आईएएनएस)। बिहार के कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद में अपने भाई सहित दो लोगों की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी जबकि भाभी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। आरोपी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, भगवानपुर बाजार निवासी युवक छोटन पांडे का रात को अपने ही भाई रामचंद्र पांडे (45) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच छोटन ने घर में रखे गड़ांसे (एक प्रकार का धारदार हथियार) से वार कर भाई की हत्या कर दी और पति को बचाने आई भाभी पार्वती देवी को भी गड़ांसे से घायल कर दिया।

गड़ांसा हाथ में लेकर निकलते हुए उसने रास्ते में 65 वर्षीय जुड़ावन साह की गर्दन पर भी वार कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।

भगवानपुर के थाना प्रभारी रविकांत सिंह ने बुधवार को बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है तथा दोनों भाइयों में अक्सर विवाद होता रहता था।

उन्होंने बताया कि घायल महिला पार्वती को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

इधर, ग्रामीण आरोपी को शराब के नशे में रहने की बात बता रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493