भाजपा ने पालघर लोकसभा सीट जीती (लीड-2)

पालघर, 31 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की। यह सीट पहले भी भाजपा के पास थी।

यहां पर भाजपा के राजेंद्र गावित ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिवसेना के उम्मीदवार श्रीनिवास वांगा को 29,000 मतों से हराया।

श्रीनिवास वांगा दिवंगत भाजपा सांसद चिंतामन वांगा के बेटे हैं। चिंतामन वांगा का इस वर्ष जनवरी में निधन हो गया था, जिस वजह से यहां उपचुनाव कराया गया। वांगा परिवार ने भाजपा का दामन छोड़कर शिवसेना का हाथ थामा था और पार्टी ने फिर श्रीनिवास वांगा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था।

अगर श्रीनिवास वांगा चुनाव से पहले शिवसेना में शामिल हुए थे तो वहीं गावित कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, जिसके बाद भाजपा ने उन्हें इस महत्वपूर्ण सीट के लिए अपना उम्मीदवार बनाया।

गावित ने कहा, “मैं इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी के अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करता हूं। मैं इस जीत को भाजपा के दिवंगत नेता पांडुरंग फुंडकर को समर्पित करता हूं।”

फुंडकर का गुरुवार सुबह निधन हो गया।

गावित ने 272,000 मत हासिल किए जबकि वांगा को 243,000 मत मिले।

स्थानीय पार्टी बहुजन विकास अघाड़ी के उम्मीदवार बलीराम जाधव ने 222,000 मत हासिल किया। कांग्रेस के उम्मीदवार दामोदर शिंगादा ने चौथा स्थान हासिल किया।

शिवसेना ने मतगणना प्रक्रिया में खासकर राउंड 20-24 में गड़बड़ी का आरोप लगाया है और चुनाव आयोग के समक्ष यह मामला उठाने की योजना बनाई है।

इस बीच, पालघर विजय के सूत्रधार माने जाने वाले राज्य चिकित्सा शिक्षा मंत्री रविंद्र चह्वान ने कहा कि भाजपा गुरुवार को मंत्री और वरिष्ठ नेता फुंडकर के निधन की वजह से यहां जीत का जश्न नहीं मनाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493