पूर्वोत्तर के प्रांतों में कर्मचारियों की हड़ताल से बैंकिंग सेवा प्रभावित

अगरतला/गुवाहाटी, 31 मई (आईएएनएस)। बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दूसरे व अंतिम दिन गुरुवार को त्रिपुरा, असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में बैंकिंग सेवा प्रभावित रही। प्रमुख बैंकों की अधिकांश शाखाएं बंद रहीं।

पूवरेत्तर के सभी राज्यों से मिली रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और सहकारी बैंकों को छोड़कर बाकी बैंकों की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं।

बैंक कर्मचारी संगठनों के दबाव में निजी बैंकों की भी कई शाखाएं बुधवार और गुरुवार को बंद रहीं।

हड़ताली कर्मचारियों के नेताओं ने पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में हड़ताल का व्यापक असर पड़ने का दावा किया है।

ज्यादातर एटीएम मशीनों में पैसे नहीं होने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। खासतौर से कारोबारियों के लिए समस्या खड़ी हो गई।

राष्ट्रीय बैंक कर्मचारी महासंघ (एनसीबीई) की त्रिपुरा इकाई के सचिव स्वप्न मोडक ने कहा, “त्रिपुरा में राष्ट्रीयकृत बैंकों की तकरीबन 500 शाखाओं के करीब 4,000 कर्मचारी हड़ताल पर रहे।”

उन्होंने मीडिया को बताया, “बैंक कर्मचारी संगठन की मांग है कि वेतन समीक्षा जल्द की जाए और वेतन में पर्याप्त बढ़ोतरी की जाए। इसके अलावा, कर्मचारी अन्य सेवा शर्तो में सुधार की मांग कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493