नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। भारत के दिग्गज गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को इस साल आयोजित होने वाले चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कमान सौंपी गई है।
हॉकी इंडिया (एचआई) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की।
भारतीय टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह का कहना है कि यह टूर्नामेंट टीम के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि राष्ट्रमंडल खेलों और चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए ही एशियाई खेलों के लिए टीम का चयन किया जाएगा।
नीदरलैंड्स में 23 जून से आयोजित होने वाले राबोबैंक पुरुष हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी ब्रेडा के लिए घोषित 18 सदस्यीय टीम में चिंग्लेसाना सिंह उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इसके अलावा, पंजाब के युवा खिलाड़ी इस टूर्नामेंट के जरिए जर्मनप्रीत सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण करने जा रहे हैं।
श्रीजेश की ही कप्तानी में भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में इतिहास रचते हुए रजत पदक हासिल किया था। पिछले 34 वर्षो में भारतीय टीम ने पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी में पदक जीता था।
नीदरलैंड्स में 23 जून से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के बारे में श्रीजेश ने कहा, “पिछले संस्करण में हम स्वर्ण पदक जीतने के काफी करीब थे। हालांकि, हमें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हमारे लिए यह टूर्नामेंट यादगार था। इस बार भी हम इतिहास रचना चाहते हैं, क्योंकि यह इस टूर्नामेंट का आखिरी संस्करण है।”
इस पर टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, “टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। चैम्पियंस ट्रॉफी हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है, क्योंकि इसे और राष्ट्रमंडल खेलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए ही आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।”
कोच हरेंद्र ने कहा कि इस टूर्नामेंट के जरिए यह भी सामने आएगा कि बेल्जियम, आस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स और अर्जेटीना जैसी उच्च स्तरीय टीमों के सामने भुवनेश्वर विश्व कप के लिए भारतीय टीम कितनी बेहतर रूप में है।
श्रीजेश के साथ इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 23 जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम :
गोलकीपर : श्रीजेश प्राटू रवींद्रम (कप्तान), कृष्ण बहादुर पाठक
डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, जर्मनप्रीत सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा, अमित रोहिदास
मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, चिंग्लेसाना सिंह (उप-कप्तान), सरदार सिंह, विवेक सागर प्रसाद
फारवर्ड : सुनील सोमरपेत विटालाचार्य, रमनदीप सिंह, मंदीप सिंह, सुमित कुमार जूनियर, आकाशदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह
dharmpath.com dharmpath