नफरत फैलाने वालों को जनता ने सबक सिखाया : तेजस्वी

पटना, 31 मई (आईएएनएस)। बिहार की जोकीहाट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) को पटकनी दे दी। नीतीश कुमार की छवि और भाजपा का साथ भी जद (यू) के काम नहीं आई। यह सीट 17 साल से जद (यू) के कब्जे में थी, जो अब लालू की पार्टी के पास चली गई।

जीत से उत्साहित राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि इस हार के बाद नीतीश कुमार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने इसे नफरत फैलाने वालों की हार और प्यार की जीत बताते हुए कहा, “जिन्होंने जहर और रामनवमी पर्व के मौके पर तलवार बांटने का काम किया, उन्हें जनता ने सबक सिखाया है।”

अररिया जिले के जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में राजद के शाहनवाज आलम ने जद (यू) के उम्मीदवार मुर्शीद आलम को 41 हजार से ज्यादा मतों से पराजित किया।

जोकीहाट के चुनाव परिणाम के बाद यहां एक संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी ने कहा, “यह अवसरवाद पर लालूवाद की जीत है, लालू विचार ही नहीं, बल्कि विज्ञान भी है। उन्हें समझने के लिए नीतीश कुमार और भाजपा को कई जन्म लेने पड़ेंगे। अवसरवादिता के लिए इतिहास कभी नीतीश कुमार को माफ नहीं करेगा।”

नीतीश कुमार पर पलटी मारने और जनादेश को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने कहा कि जोकीहाट में जनशक्ति ने धनशक्ति को हराया है। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन से नीतीश कुमार जब से अलग हुए हैं और जहां भी चुनाव हुए हैं, राजद के प्रत्याशी की जीत हुई है।

तेजस्वी ने विपक्ष की एकजुटता के लिए सभी पार्टियों को धन्यवाद देते हुए कहा, “हमारी एकजुटता से ही भाजपा को झटका लगा है।” उन्होंने जोकीहाट की जीत को जनता की जीत बताते हुए क्षेत्र के लोगों, राजद के नेताओं व कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493