नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने रोहिणी सेक्टर-37 में दो बस डिपो बनाने का निर्णय लिया है जिनमें प्रत्येक की क्षमता 150 बसों की होगी। शहर में फिलहाल 45 बस डिपो हैं।
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि दोनों डिपो को 43.76 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि से लोक निर्माण विभाग बनाएगा।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री मनीष सिसौदिया की अध्यक्षता हुई एक बैठक में सरकार की व्यय वित्त समिति (ईएफसी) ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी। इन डिपो के निर्माण में नौ महीने का समय लगेगा।
आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने सार्वजनिक परिवहन तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से पिछले तीन साल में आठ डिपो बनाए हैं।
सरकार ने बजट के समय कहा था कि बस डिपो के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिलने के कारण बसों की संख्या बढ़ाना एक चुनौती है।
एक दावे के अनुसार, दिल्ली परिवहन निगम लगभग 4,000 बसों के साथ विश्व में सीएनजी से चलने वाली सर्वाधिक बसों वाला निगम है।
dharmpath.com dharmpath