धौनी ने भारतीय क्रिकेट टीम को ‘हाईजैक’ कर लिया है : जडेजा

indexनई दिल्ली, 18 अक्टूबर – भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी अजय जडेजा ने शनिवार को भारतीय टीम के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धौनी पर टीम को अपनी मर्जी से नियंत्रित करने और आईपीएल की अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ियों को ज्यादा तवज्जो देने का आरोप लगाया। जडेजा ने भारतीय टीम के अगले वर्ष आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी विश्व कप में खिताब का बचाव करने वाले सवाल पर कहा, “विश्व कप में कौन सी टीम खेलेगी जब इसका पता नहीं चल पा रहा, तो जीतेंगे या नहीं इसकी संभावना कैसे व्यक्त की जा सकती है? चयनकर्ता जिन खिलाड़ियों को चुनते हैं कप्तान धौनी उन्हें अंतिम एकादश में शामिल ही नहीं करते। धौनी ने राष्ट्रीय टीम को चेन्नई सुपर किंग्स बना दिया है।”

जडेजा यहां समाचार चैनल आज तक द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘सलाम क्रिकेट’ में हिस्सा लेने आए थे। अब तक विश्व कप जीतने वाली सभी टीमों के कप्तानों से सजे इस अनूठे कार्यक्रम में विश्व कप के फाइनल तक का सफर तय करने वाले भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन और सौरभ गांगुली भी उपस्थित थे।

कैरेबियाई टीम के दिग्गज कप्तान क्लाइव लायड सहित आस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर, स्टीव वा, रिकी पोंटिंग और श्रीलंका के विश्व कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा भी मौजूद थे। पाकिस्तान की ओर से विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे आमिर सौहेल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

जडेजा ने कप्तानी और चयनकर्ताओं के बीच सामंजस्य न होने की बात भी कही। उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा है जैसे कई कप्तान हैं, तथा कप्तान धौनी और चयनकर्ताओं के बीच सामंजस्य की कमी नजर आ रही है। ऐसे में भारतीय टीम की विश्व कप खिताब बचाने की संभावना पर कुछ कहना बेहद मुश्किल है।”

हाल ही में भारतीय टीम में किए गए कई बदलावों के संदर्भ ने जडेजा ने कहा, “विश्व कप से ठीक पहले इतना कम समय बचा है और अब टीम में बदलाव या प्रयोग का समय नहीं है। जो भी टीम खेल रही है उसी को तैयार करना होगा।”

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493