नई दिल्ली, 18 अक्टूबर – मुंबई के निचले इलाके चर्चगेट के बाद अनिल अंबानी के साथ शनिवार को ‘स्वच्छ भारत मिशन’ उत्तराखंड के बद्रीनाथ और केदारनाथ पहुंचा, जहां उन्होंने लोगों से इन शहरों को साफ रखने की अपील की। अनिल उन नौ लोगों में शामिल हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के लिए नामित किया था और उनके प्रयास की सराहना की थी। अनिल ने कहा कि उनके पास इन दो शहरों की यात्रा करने की दो वजह हैं।
अनिल ने कहा, “पहली वजह बद्रीनाथजी और केदारनाथजी का आशीर्वाद लेना। दूसरी वजह जो मैं आपके साथ साझा करना चाहता हूं, वह कि हम अपने मंदिरों और इसके आसपास के स्थानों को अपेक्षानुरूप साफ नहीं रखते।”
उन्होंने कहा, “आज से हम सभी इस जिम्मेदारी को लें और हमारे धार्मिक स्थलों को साफ रखें।”
अनिल ने इससे पहले अपने दोस्तों के साथ चर्चगेट स्टेशन के आसपास के इलाके की सफाई की थी। उन्होंने कहा, “बद्रीनाथजी और केदारनाथजी का नाम लेकर सभी मंदिरों, प्रार्थना स्थलों को स्वच्छ भारत मिशन को पूरा करने के लिए साफ कीजिए।”
मोदी ने अनिल के पिछले सप्ताह के प्रयास की तारीफ की और कहा कि उन्होंने अमिताभ बच्चन, ऋतिक रोशन और नागार्जुन, मेरी कोम और सानिया मिर्जा, शोभा डे और प्रसून जोशी, शेखर गुप्ता को नामित किया है।
मोदी ने ट्विट में लिखा, “अनिल अंबानी की तरफ से बेहतरीन प्रयास किया गया, जिन्होंने चर्चगेट स्टेशन के आसपास के इलाके को साफ किया। मुझे उम्मीद है कि वे स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ेंगे और दूसरों को ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे।”
प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की जयंती पर अगले पांच वर्ष में देशभर को स्वच्छ बनाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की है।
dharmpath.com dharmpath