अंतर्राष्ट्रीय संगठनों का किम जोंग से मानवाधिकारों के दुरुपयोग को समाप्त करने का आग्रह

टोक्यो, 8 जून (आईएएनएस)। दुनियाभर के 50 से अधिक गैर सरकारी संगठनों ने उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन से देश में मानवाधिकारों के दुरुपयोग को समाप्त करने का आह्वान किया।

‘अमनेस्टी इंटरनेशनल’ और ‘ह्यूमन राइट्स वॉच’ सहित इन एनजीओ ने किम जोंग उन को लिखे पत्र में उत्तर कोरिया में हिरासत केंद्रों और जेलों में मानवाधिकारों के दुरुपयोग पर लगाम लगाने का आग्रह किया है।

इस पत्र में कहा गया है, “जैसा कि आपकी सरकार बाहरी दुनिया से संबंध अच्छे करने के प्रयास बढ़ा रही है। हम आपसे देश में मानवाधिकारों की स्थिति में सुधार के लिए तेजी से कदम उठाने का आग्रह करते हैं।”

किम जोंग उन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच 12 जून को सिंगापुर में होने जा रही ऐतिहासिक बैठक से पहले यह पत्र किम जोंग को भेजा गया।

‘ह्यूमन राइट वॉच’ संगठन के एशिया क्षेत्र के निदेशक ब्रैड एडम्स ने जारी बयान में कहा, “उत्तर कोरिया का अन्य देशों से वार्ता बढ़ाने का प्रयास एक सकारात्मक कदम है लेकिन यह याद रखा जाना चाहिए कि किम जोंग उन अभी भी दुनिया में दमनकारी नीतियों की अध्यक्षता कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493