डिंडोरी, 14 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में शासकीय कार्यक्रम के मंच पर मुख्य जनपद पंचायत अधिकारी राजेंद्र पालनपुरे को सरेआम थप्पड़ मारने वाली महिला जनप्रतिनिधि रंजीता परस्ते को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन ने आईएएनएस को बताया कि करंजिया जनपद पंचायत की पूर्व अध्यक्ष रंजीता ने बुधवार को सरकारी कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत के सीईओ पालनपुरे से अभद्रता करते हुए मारपीट की थी। पालनपुरे की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था।
कार्तिकेयन के मुताबिक, परस्ते पर विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्रकरण के बाद गुरुवार को उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ज्ञात हो कि बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में आयोजकों ने जनपद पंचायत करंजिया के अध्यक्ष के तौर पर रंजीता के स्थान पर दूसरी महिला के नाम की उद्घोषणा की थी। रंजीता को पिछले दिनों ही पद से हटाया गया था। रंजीता का कहना था कि उन्हें उच्च न्यायालय से स्थगन मिला हुआ है, उसके बाद भी प्रशासन उन्हें अध्यक्ष नहीं मान रहा है।
dharmpath.com dharmpath