जयपुर, 28 जून (आईएएनएस)। पुलिस ने यहां गुरुवार को एक पांच सितारा होटल में मेक्सिकी पयर्टक के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह कथित छेड़छाड़ होटल आईटीसी राजपुताना शेरैटन में मंगलवार रात को हुई।
पुलिस उपायुक्त विकास पाठक ने कहा कि आरोपी को एक अदालत में पेश किया गया और अब वह पुलिस हिरासत में है।
पुलिस के मुताबिक, दो मेक्सिकी महिला पयर्टक मंगलवार को जयपुर घूमने आई थीं। वे आरोपी को जानती हैं और उसी की जानपहचान से वह होटल में रुकी थीं।
देर रात आरोपी उनके कमरे में घुस गया और उनमें से एक के साथ जबरन छेड़छाड़ की, लेकिन तभी महिलाओं ने अलार्म बजा दिया, तब वह कमरे से भाग गया।
पीड़िता की दोस्त ने अगले दिन बुधवार को घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस अधिकारी मनीष चरण ने कहा कि आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न और महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है।
पाठक ने कहा कि आरोपों को साबित करने के लिए हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं। उन्होंने कहा, “सीसीटीवी फुटेज में वह कमरे के अंदर जाते और बाहर आते हुए दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही आरोपी द्वारा अपने कृत्य के लिए माफी मांगने वाले व्हाट्स एप संदेश भी है।”
पीड़िता जयपुर से दिल्ली आ चुकी है और उसकी दोस्त बुधवार को मेक्सिको रवाना हो गई।
राजपुताना शेरैटन के अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि वे पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं।
होटल के एक अधिकारी ने कहा, “हम अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। हमारे मेहमानों की सुरक्षा, बचाव और आराम हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा हमने आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।”
dharmpath.com dharmpath