बेंगलुरू, 2 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक की नव निर्वाचित 15वीं विधानसभा का पहला सत्र सोमवार को शुरू हो गया। राज्यपाल वजुभाई वाला ने विधानसभा के संयुक्त सत्र को हिंदी में संबोधित किया।
इस दस दिवसीय सत्र के दौरान मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी वित्त वर्ष 2018-19 के लिए 5 जुलाई को पूर्ण बजट पेश करेंगे। कुमारस्वामी के पास वित्त विभाग भी है।
राज्यपाल की भाषा की पसंद पर एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि वह अपना भाषण हिंदी में देने में सहज महसूस कर रहे थे। वह सितंबर 2014 में कार्यालय संभालने के बाद से हिंदी में विधानसभा को संबोधित करते रहे हैं।
इस दक्षिणी राज्य की आधिकारिक भाषा कन्नड़ है।
वजुभाई वाला के संबोधन के दौरान विधायकों को इसका अंग्रेजी व कन्नड़ संस्करण दिया गया था।
अधिकारी ने कहा कि मध्य व उत्तरी क्षेत्रों के कुछ विधायकों को हिंदी की जानकारी होने से उन्हें वजुभाई वाला के संबोधन की प्रति हिंदी में दी गई, जबकि बहुत से विधायकों ने कन्नड़ को तरजीह दी।
नई विधानसभा की बैठक मई में दो बार बहुमत परीक्षण के लिए बुलाई गई थी। इसमें तीन दिन की भाजपा सरकार के लिए 19 मई व जेडीएस व कांग्रेस गठबंधन सरकार का 25 मई को बहुमत परीक्षण किया गया।
dharmpath.com dharmpath