बेंगलुरू, 4 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को बेंगलुरू के विधायक दिनेश गुंडू राव को पार्टी की कर्नाटक इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया।
कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने गुंडू राव के साथ ही बिदर के विधायक ईश्वर खांडरे को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति की घोषणा की।
गहलोत ने कहा, “पार्टी केपीसीसी के अध्यक्ष जी.परमेश्वर के कार्य की सराहना करती है, जिन्होंने पार्टी का बीते आठ सालों से नेतृत्व किया और वह जिम्मेदारी से कार्यमुक्त हो रहे हैं।”
गुंडू राव (48) बेंगलुरू मध्य के गांधीनगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चार बार से विधायक हैं और वह कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री रहे आर.गुंडू राव के दूसरे बेटे हैं। वह पूर्ववर्ती सिद्धारमैया सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता मामलों के मंत्री थे।
खांडरे बिदर के भालकी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। वह पूर्व में नगरपालिका व स्थानीय निकाय मंत्री रहे हैं।
परमेश्वरा जद(एस)-कांग्रेस गठबंधन सरकार में उप मुख्यमंत्री हैं।
dharmpath.com dharmpath