नई दिल्ली, 19 जुलाई, 2018 (आईएएनएस)। वार्षिक आंत्रप्रेन्योर इंडिया अवार्ड के आठवें संस्करण में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए हेल्थकेयर ऐट होम के सह-संस्थापक और सीईओ विवेक श्रीवास्तव को आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवार्ड दिया गया।
हेल्थकेयर ऐट होम के संस्थापक विवेक ने पांच साल पहले महज दो लोगों की टीम के साथ हेल्थकेयर ऐट होम की शुरुआत की और आज वह 1,500 से अधिक कर्मचारियों वाले एक ऐसे संगठन को नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं जिसकी उपस्थिति देशभर में है। विवेक के नेतृत्व में एचसीएएच अस्पतालों में उपलब्ध कराई जाने वाली 70 प्रतिशत से अधिक क्लिनिकल सेवाएं देशभर में 40 लाख से अधिक मरीजों को उपलब्ध कराती है।
विवेक श्रीवास्तव ने कहा, “भारतीय स्वास्थ्य सेवा उद्योग के इस अत्यधिक प्रतिस्पर्धी वातावरण में ग्राहकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया और मेरी टीम के अथक प्रयासों ने मुझे प्रेरित बनाए रखा है। इस सम्मान ने एचसीएएच को और अधिक सफल बनाने और मरीजों को किफायती, सुविधाजनक, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा समाधान उपलब्ध कराना जारी रखने के लिए मेरे कंधों पर और अधिक जिम्मेदारी डाल दी है।”
आंत्रप्रेन्योर इंडिया अवार्ड के जरिए उपलब्धि हासिल करने वाले नवप्रवर्तकों और उद्यमशीलता के विकास में योगदान करने वाले आपूर्तिकर्ताओं को पहचान दिलाने का लक्ष्य है। इस समारोह में 64 विजेताओं को सम्मानित किया गया।
dharmpath.com dharmpath