लखनऊ, 20 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व राज्य के अधिकांश जिलों में शुक्रवार तडके बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, दिन में बारिश का दौर जारी रहेगा। बारिश से तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है। बारिश से हालांकि उमस से राहत मिली है। आर्द्रता का स्तर 80 फीसदी तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री, कानपुर का 24 डिग्री, इलाहाबाद का 24.3 डिग्री, बनारस का 21 डिग्री और झांसी का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath