मप्र में कांग्रेस का ‘हिसाब दो’ अभियान शुरू (फोटो सहित)

भोपाल़, 27 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश पर विधानसभा का चुनावी रंग चढ़ने लगा है। एक तरफ जहां भाजपा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं, वहीं कांग्रेस की चुनाव प्रचार अभियान समिति ने राज्य सरकार के खिलाफ ‘हिसाब दो’ अभियान शुरू किया है। इसके लिए जगह-जगह होर्डिग और बैनर लगाकर राज्य सरकार से 15 वर्ष के शासनकाल का हिसाब मांगा जा रहा है।

चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया संभागीय बैठकों के दौरे पर निकले हैं। यह उनका दूसरा दौरा है। गुरुवार की रात उन्होंने भोपाल संभाग की बैठक ली, शुक्रवार को होशंगाबाद और फिर इंदौर तथा उज्जैन संभाग की समितियों की बैठकें प्रस्तावित हैं।

अभियान समिति से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पूरे प्रदेश में चुनाव अभियान समिति के सदस्यों को सरकार की नाकामियां उजागर करने का अभियान चलाने को कहा गया है। साथ ही ऐसे होर्डिग, पोस्टर व बैनर विकासखंड से जिला स्तर पर लगाने की हिदायत दी गई है, जिससे जनता के बीच वर्तमान राज्य सरकार की नाकामियां उजागर हों।

सिंधिया ने गुरुवार को समिति की बैठक में सदस्यों से कहा कि वे सरकार की उन योजनाओं के बारे में बताएं जो सिर्फ कागजों पर है, जनता को किसी तरह का लाभ नहीं हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, सिंधिया ने समिति सदस्यों से कहा है कि वे समाज के बुद्धिजीवियों से संपर्क करें, उनकी भावनाओं को समझें, जिला और संभागीय स्तर पर अच्छे वक्ताओं की सूची बनाएं, साथ ही यह भी बताएं कि उनके क्षेत्र के स्थानीय मुद्दे क्या हैं और प्रचार के लिए किस-किस नेता को भेजा जाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493