पुराना जयपुर यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची के लिए प्रस्तावित

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री महेश शर्मा ने मंगलवार को राज्यसभा में बताया कि राजस्थान की राजधानी जयपुर के पुराने इलाके का नाम यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची के लिए प्रस्तावित किया गया है।

उन्होंने लिखित में उत्तर देते हुए कहा कि यूनेस्को के 2017 में जारी हुए दिशा-निर्देशों के अनुसार एक राज्य एक साल में सिर्फ एक नामांकन कर सकता है।

शर्मा ने कहा, “(धरोहर स्थल की) मान्यता मिलने से घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलता है जिससे रोजगार सृजन, हथकरघा और स्थानीय हस्तशिल्प का प्रसार और विश्वस्तरीय संरचना का निर्माण होता है।”

भारत में इस समय 37 विश्व धरोहर स्थल हैं जिनमें ताजमहल, आगरा का किला, अजंता गुफाएं, एलोरा गुफाएं, फतेहपुर सीकरी और लाल किला परिसर शामिल हैं और जो भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षण में हैं।

यूनेस्को की सूची में हाल ही में मुंबई की 19वीं सदी के विक्टोरियन गोथिक शैली के भवनों और 20वीं सदी के आर्ट डेको भवनों को शामिल किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493