सीसीटीवी से मानव तस्करी का पर्दाफाश होगा : केजरीवाल

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को राजधानी में कानून व व्यवस्था के पूरी तरह से चौपट होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सीसीटीवी से दिल्ली में मानव तस्करी का पर्दाफाश होगा।

आम आदमी पार्टी नेता ने अपने श्रृंखलाबद्ध ट्वीट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), उपराज्यपाल अनिल बैजल व केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधा।

केजरीवाल की यह टिप्पणी दिल्ली महिला आयोग द्वारा 74 लड़कियों को बचाए जाने के बाद आई है। यह लड़कियां मानव तस्करी की पीड़ित हैं। इन्हें दिल्ली में कई जगहों पर रखा गया था।

केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली में कानून व व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। क्या यह शीर्ष स्तर पर बिना मिलीभगत के इस तरह से बड़े पैमाने पर संभव है? भाजपा, उप राज्यपाल व राजनाथ जी को जवाब देना चाहिए। दिल्ली के लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “सीसीटीवी कैमरे इस तरह के अपराधों, इसके पीछे के लोगों का पर्दाफाश करेंगे और पुलिस को जवाबदेह बनाएंगे। अगर पुलिस को सीसीटीवी के लिए लाइसेंस दिया गया, तो क्या पुलिस कभी इस तरह के जगहों पर सीसीटीवी लगाने का लाइसेंस देगी? कभी नहीं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493